Morning Walk: सुबह वॉक करना सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। यह न केवल शरीर को एक्टिव रखने में मददगार है, बल्कि वजन कम करने और मेटाबॉलिज्म सुधारने में भी मदद करती है। कई लोग इसे खाली पेट करना पसंद करते हैं, क्योंकि इससे शरीर जल्दी फैट बर्न करता है, लेकिन अगर वॉक के दौरान कुछ गलतियां की जाएं, तो यह फायदे के बजाय नुकसान भी दे सकती है। आईए जानते हैं कुछ आम गलतियों के बारे में जो खाली पेट वॉक करते समय नहीं करनी चाहिए।
बिना पानी पिए वॉक करना:
खाली पेट वॉक करने से पहले पानी न पीना शरीर को डिहाइड्रेट कर सकता है। वॉक करते समय पसीना निकलता है, जिससे पानी न पीने से शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी हो सकती है। कुछ लोग सुबह उठते ही चाय या कॉफी पीते हैं, लेकिन खाली पेट कैफीन लेने से एसिडिटी और कमजोरी हो सकती है। वॉक करने से पहले एक गिलास गुनगुना पानी या नींबू पानी पीना सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है।
बहुत ज्यादा देर तक वॉक करना:
अगर आप खाली पेट वॉक कर रहे हैं तो समय का ध्यान रखते हुए वॉक करें। ज्यादा देर तक वॉक करने से शरीर में एनर्जी की कमी हो सकती है, जिससे थकान, सर दर्द और चक्कर आने की समस्याएं पैदा हो सकती हैं। खाली पेट वॉक करने के लिए 30 से 45 मिनट काफी होते हैं, इससे ज्यादा देर तक वॉक करने से शरीर में कमजोरी महसूस हो सकती है।
तेज अनियमित स्पीड से वॉक करना:
कई लोग सुबह सुबह वॉक के दौरान बहुत तेज चलने लगते हैं या बार-बार अपनी गति बदलते हैं, जिससे शरीर पर अचानक ज्यादा दबाव पड़ सकता है और हार्ट रेट असंतुलित हो सकता है। खाली पेट वॉक करने का सही तरीका यह है कि मध्यम गति से लगातार चला जाए। बहुत तेज या बहुत धीमी चाल चलना शरीर पर गलत असर डाल सकता है।
वॉक करने के तुरंत बाद भारी नाश्ता करना:
वॉक करने के बाद बहुत ज्यादा भारी या तला भुना खाने से बचना चाहिए। यह पाचन तंत्र पर बुरा असर डाल सकता है। इससे अपच, एसिडिटी और ब्लोटिंग जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। वॉक के बाद हल्का और पोषक तत्वों से भर नाश्ता करना अच्छा माना जाता है। आप नारियल पानी, फल, ड्राई फ्रूट या हल्का दलिया खा सकते हैं, जिससे शरीर को जरूरी ऊर्जा भी मिल जाए और आपका नाश्ता भी हो जाए।
हाई इंटेंसिटी वॉक करना:
खाली पेट हाई इंटेंसिटी वॉक जैसे दौड़ना या चढ़ाई करना शरीर को बहुत जल्दी थका देता है। खाली पेट शरीर में पहले से ही कम ऊर्जा होती है और ज्यादा मेहनत करने से कमजोरी महसूस होती है। अगर आपको तेज दौड़ या हाई इंटेंसिटी वर्कआउट करना है तो पहले हल्का नाश्ता करें उसके बाद करें।
वॉक करने का सही तरीका:
खाली पेट वॉक करने के दौरान सही तरीका अपनाना बहुत जरूरी होता है, ताकि सेहत को फायदा हो और कोई नुकसान न पहुंचे। हमेशा सही गति में चले, ज्यादा आगे या पीछे झुकने से बचें। अपने कंधों को रिलैक्स रखें और सामान्य गति बनाए रखें। वॉक के बाद तुरंत बैठने के बजाय हल्की स्ट्रेचिंग करें, जिससे मांसपेशियां रिलैक्स हो सके। नींद से उठते ही तुरंत वॉक पर न जाए बल्कि 10 से 15 मिनट का ब्रेक ले और थोड़ा वार्म अप करें। इससे शरीर वॉक करने के लिए तैयार हो जाएगा और किसी भी तरह की थकान, दर्द महसूस नही होगा। अगर आप इन बातों का ध्यान रखेंगे तो खाली पेट वॉक सेहत के लिए फायदेमंद साबित होगी।
इन्हें भी पढ़ें:
- Health Care: कुत्ते के काटने पर हल्दी-मिर्च लगाने से रेबीज खत्म? जानें इस देसी नुस्खे की सच्चाई
- Healthy Sleep: अच्छी सेहत के लिए कितनी नींद जरूरी? जानें उम्र के हिसाब से सही मात्रा
- Best Time For Walk: खाली पेट या खाने के बाद? जानें वजन घटाने के लिए वॉक का सही समय और तरीका